विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद गरियाबंद जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, जिले में कुल 4 हजार 377 नए मतदाताओं की वृद्धि

कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिधियों को विधानसभा क्षेत्र राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ की मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का संचालन किया जा रहा है। जिले के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 54 राजिम तथा 55 बिन्द्रानवागढ़ की मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न किया गया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीएस उइके द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत आज 21 फरवरी 2026 को विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कराकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषा ठाकुर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक प्रकाशन किया गया था, जिसके अनुसार जिले में कुल 4 लाख 33 हजार 247 मतदाता दर्ज थे। इनमें 2 लाख 14 हजार 480 पुरुष, 2 लाख 18 हजार 759 महिला एवं 8 अन्य मतदाता शामिल थे। विधानसभा क्षेत्र 54 राजिम में उस समय 2 लाख 15 हजार 648 मतदाता दर्ज थे, जिनमें 1 लाख 6 हजार 876 पुरुष, 1 लाख 08 हजार 766 महिला एवं 6 अन्य मतदाता शामिल थे। विधानसभा क्षेत्र 55 बिन्द्रानवागढ़ में 2 लाख 17 हजार 599 मतदाता दर्ज थे, जिनमें 1 लाख 7 हजार 604 पुरुष, 1 लाख 9 हजार 993 महिला एवं 2 अन्य मतदाता सम्मिलित थे।

कुल 4 लाख 37 हजार 624 मतदाता

प्रारंभिक प्रकाशन के पश्चात दावा एवं आपत्ति की अवधि निर्धारित की गई, जिसके दौरान नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन हेतु आवेदन प्राप्त हुए। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार नाम जोड़ने के लिए कुल 610 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 653 व्यक्तियों के नाम जोड़े जाने की प्रक्रिया दर्ज है। विलोपन के लिए कुल 91 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 47 स्वीकृत एवं 44 निरस्त किए गए। संशोधन हेतु कुल 4 हजार 182 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 4 हजार 129 स्वीकृत एवं 53 निरस्त किए गए। इसके अतिरिक्त प्राप्त अन्य आवेदनों का भी नियमानुसार परीक्षण एवं निराकरण किया गया।

सभी आवेदनों के परीक्षण एवं निराकरण के उपरांत 21 फरवरी 2026 को अंतिम प्रकाशन किया गया। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 4 लाख 37 हजार 624 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2 लाख 16 हजार 304 पुरुष, 2 लाख 21 हजार 312 महिला एवं 8 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र 54 राजिम में कुल 2 लाख 17 हजार 892 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1 लाख 7 हजार 749 पुरुष, 1 लाख 10 हजार 138 महिला एवं 6 अन्य मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र 55 बिन्द्रानवागढ़ में कुल 2 लाख 19 हजार 731 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 08 हजार 555 पुरुष, 1 लाख 11 हजार 174 महिला एवं 2 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार प्रारंभिक प्रकाशन की तुलना में जिले में कुल 4 हजार 377 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

मतदाता सूची की प्रति राज्य निर्वाचन आयोग की अधिकृत वेबसाइट सीईओ छत्तीसगढ़ और वोटर ईसीआई गवर्नमेंट डॉट इन पर भी उपलब्ध है। ऐसे मतदाता जिनके नाम त्रुटिवश शामिल नहीं हुए हैं या जिन्हें कोई आपत्ति है, वे निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम निर्वाचक नामावली में शामिल न होने वाले व्यक्ति मतदान के लिए अयोग्य माने जाएंगे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद महिला एवं बाल विकास विभाग ने पात्र-अपात्र सूची की जारी, दावा-आपत्ति 26 फरवरी तक आमंत्रित

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button