घटारानी में लड़कियों से मारपीट, 6 आरोपी गिरफ्तार, घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध घटारानी जलप्रपात में बदमाशों की गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश महिलाओं के साथ मारपीट करते साफ देखे जा सकते हैं। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है।
महिलाओं और युवतियों से मारपीट
बता दें कि गरियाबंद जिले के जतमई और घटारानी जलप्रपात में इन दिनों पर्यटकों की भीड़ देखी जा रही है। पर्यटक अपने दोस्तों और परिवार के साथ मंदिर में दर्शन करने और झरने का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। इसी भीड़ का फायदा बदमाश उठा रहे हैं। बदमाश महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करते हैं। गुरुवार को भी घटारानी मंदिर पहुंचे महिलाओं और लड़कियों के साथ कुछ बदमाश हुल्लड़बाजी कर रहे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने अभद्र व्यवहार और मारपीट शुरू कर दी।
6 आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश महिलाओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। मामले की शिकायत के बाद फिंगेश्वर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सभी आरोपी महासमुंद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घटारानी जलप्रपात घूमने आए लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों में कुणाल रात्रे (26), लोकेश सिक्का (25), रूपेश प्रजापति (23), चंद्र प्रकाश मनहरे (27), संजय जांगड़े (25) और खीरोज कोसले (21) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद पर्यटकों में रोष है। लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक स्थलों पर गुंडों और बदमाशों की गुंडागर्दी से दहशत का माहौल बनता है। इसका असर पर्यटन स्थल पर देखा जा सकता है। अगर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में बदमाशों के हौसले बुलंद होंगे और बड़ी घटनाएं घट सकती हैं। बहरहाल, इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd











