रायपुर में खून से लथपथ मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मामला गंज थाना अंतर्गत खारून रेलवे कॉलोनी क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में हुई है, जो चुना भट्टी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह कुछ राहगीरों ने रेलवे कॉलोनी के भीतर युवक को जमीन पर खून से सना पड़ा देखा। युवक के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और घटनास्थल की स्थिति हत्या की ओर इशारा कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कैसे पहुंचा और घटना के समय कौन-कौन मौजूद था। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











