जतमई धाम में झपटमारी करने वाले महाराष्ट्र के गिरोह का भंडाफोड़: बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, सोने की चेन, कार और मोबाइल जब्त

सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के जतमई धाम में दर्शन के दौरान महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए गिरोह का गरियाबंद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाता था।

जानकारी के अनुसार मामला 9 अगस्त 2026 का है। आरंग थाना क्षेत्र के फरफौद निवासी नेमिन चंद्राकर अपने परिवार के साथ जतमई धाम दर्शन के लिए पहुंची थीं। उनके गले में करीब दो तोला वजन की सोने की चेन थी, जिसकी खरीदी कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है।

दोपहर में मंदिर में दर्शन के दौरान पांच-छह अंजान महिलाएं उनके पास पहुंचीं और बातचीत करने लगीं। कुछ देर बाद महिला को गले में हल्का खिंचाव महसूस हुआ। जब उन्होंने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी। अज्ञात महिलाओं द्वारा भीड़ का फायदा उठाकर चेन झपटने की आशंका पर उन्होंने थाना छुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देश पर थाना छुरा और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ ही जतमई धाम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं वारदात के बाद एक काले रंग की कार क्रमांक **MH 49 CS 2471** में बैठकर फरार होती दिखाई दीं। सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में वारदात किया कबूल 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जतमई धाम में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होना स्वीकार किया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों में रौनक पानतावणे (30), सीमा पात्रे (40), विध्या उफाडे (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खडसे (35), नंदिनी पाथरे (30) और छाया उफाडे (50) शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। प्रकरण में आगे की जांच पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान और आभूषणों को लेकर विशेष सावधानी बरतें।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जतमई में महिला के गले से सोने की चेन स्नेचिंग, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 7 संदिग्ध को लिया हिरासत में

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button