दर्दनाक हादसा: बाइक को टक्कर मार पेड़ पर चढ़ी कार, दो लोगों की मौत, 5 घायल, लाइव वीडियो आया सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– त्यौहार पर एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार पेड़ पर लटक गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घटना जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र का है।
काम पर जा रहे थे बाइक सवार
मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा अपने साथी जीवन कुजूर के साथ 11 नवंबर 2026 को मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमआर 8254 से वायरिंग का काम करने के लिए केरसई जा रहे थे। सुबह करीब 8.30 बजे ग्राम केरसई में नरेंद्र वर्मा की दुकान के सामने मेन रोड पर तपकरा की ओर से कुनकुरी जा रही कार क्रमांक सीजी 13 एएम 4100 ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक से टकराने के बाद दुकान तोड़ पेड़ से भिड़ी कार
टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। विजय लकड़ा को सिर, चेहरे और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जीवन कुजूर घायल हो गए। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सड़क किनारे स्थित दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ पर लटक गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
छठ मनाने बिहार जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। परिवार छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहा था। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवार 76 वर्षीय रामेश्वर सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए झारखंड की राजधानी रांची ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार चालक प्रवीण कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1) और 125(।) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











