युवतियों के दो गुटों के बीच सड़क पर संग्राम! बाल खींचे, थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाए, VIDEO वायरल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में युवतियों के बीच मारपीट के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कहीं सड़क पर सरेराह युवतियां एक-दूसरे के बाल खींचती और थप्पड़ बरसाती नजर आ रही हैं, तो कहीं आवासीय इलाके में दो गुटों के बीच जमकर हाथापाई होती दिखाई दे रही है।
हैरानी की बात यह है कि दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दोनों मामले सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई और अशोक नगर स्थित अटल आवास के बताए जा रहे हैं।
बहतराई में सड़क पर मचा बवाल
सोशल मीडिया पर वायरल पहले वीडियो में बहतराई इलाके में युवतियों के दो गुट किसी बात को लेकर आमने-सामने नजर आ रहे हैं। शुरुआत में कहासुनी और गाली-गलौज होती है, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ जाता है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो जाती है। वीडियो में युवतियां एक-दूसरे के बाल खींचते हुए थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाती दिखाई दे रही हैं। सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कई लोग मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करते नजर आए।
अशोक नगर के अटल आवास में भी भिड़ंत
दूसरा वीडियो अशोक नगर स्थित अटल आवास का बताया जा रहा है। यहां भी युवतियों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। दोनों वीडियो सामने आने के बाद शहर में युवतियों के बीच बढ़ते विवाद और खुलेआम हो रही हाथापाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इन घटनाओं के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एक महीने पहले भी वायरल हुआ था मारपीट का VIDEO
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड पुल के पास युवतियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस दौरान आरोप था कि मारपीट में शामिल एक युवती ने इंस्टाग्राम स्टेटस पर वीडियो पोस्ट करते हुए ‘‘कैसा लगा’’ लिखा था। मामला सामने आने के बाद मारपीट में शामिल तीन युवतियों ने माफी मांगी थी। पुलिस ने थाने में तीनों से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई थी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की सख्त हिदायत दी थी।
वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल बहतराई और अशोक नगर की दोनों घटनाओं में किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घटनास्थल और मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने में जुटी है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











