त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं! दर्दनाक हादसे में उजड़ गया पूरा परिवार, पति-पत्नी और बेटे की दर्दनाक मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। जिन हाथों से घर सजना था, उन्हीं हाथों में मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। एक पल की चूक और बिजली के जानलेवा करंट ने हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पहले पिता और जवान बेटे की मौत हुई और अब जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही मां ने भी दम तोड़ दिया। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया। बलौदाबाजार की इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
एक-एक कर बुझ गए परिवार के तीन चिराग
दरअसल, बलौदाबाजार शहर के नेहरू चौक स्थित कारोबारी राकेश गुप्ता के घर शुक्रवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय राकेश गुप्ता रोज की तरह सुबह उठने के बाद घर की बालकनी में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगा दिया। ग्रिल में पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही उन्होंने उसे छुआ, वे बिजली के तेज झटके की चपेट में आकर उससे चिपक गए।
पिता को करंट से चिपका देखकर 22 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन पिता को बचाने की कोशिश में बेटा भी करंट की चपेट में आ गया। घर में चीख-पुकार मच गई। पति और बेटे को जिंदगी और मौत से जूझता देख मां वर्षा गुप्ता भी उन्हें बचाने पहुंचीं, लेकिन दुर्भाग्य से वह भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गईं।
पिता और बेटे की मौके पर ही खत्म हुई जिंदगी

हादसे के बाद तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश गुप्ता और उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी वर्षा गुप्ता की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। परिवार के दो सदस्यों को खोने के बाद वर्षा जिंदगी बचाने की जंग लड़ रही थीं। लेकिन शनिवार 7 नवंबर को दोपहर इलाज के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।
त्योहार की खुशियों की जगह घर में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत ने पूरे बलौदाबाजार को झकझोर कर रख दिया है। राकेश गुप्ता शहर के जाने-माने कपड़ा कारोबारी थे। परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने की उम्मीद अब हमेशा के लिए मातम में बदल गई। जिस घर में कुछ दिन पहले तक रौनक रही होगी, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है। इस घटना से न केवल परिवार, बल्कि रिश्तेदारों, परिचितों और व्यापारिक समुदाय में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
आखिर कैसे लोहे की ग्रिल में उतरा मौत का करंट?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बालकनी में रखे सफाई के सामान का कोई हिस्सा हाईटेंशन तार के संपर्क में आया होगा, जिससे करंट फैलकर लोहे की ग्रिल तक पहुंच गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
त्योहार पर दर्दनाक हादसा : बालकनी की ग्रिल में करंट, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; मां की हालत गंभीर











