दीपावली से पहले बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिली राहत,10 हजार की सहायता राशि मिलने पर पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू का जताया आभार
पूर्व मंत्री ने पीड़ितों के साथ किया था धरना-प्रदर्शन; सहायता मिलने पर संगवारी कार्यालय पहुंचकर परिवारों ने कहा धन्यवाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) नवापारा :– महानदी की बाढ़ और गंगरेल बांध से छोड़े गए पानी के कारण तबाही झेलने वाले गोबरा नवापारा सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित परिवारों को दीपावली से ठीक पहले बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। लंबे इंतजार के बाद आर्थिक सहायता मिलने से पीड़ित परिवारों के चेहरों पर राहत और खुशी नजर आई। सहायता राशि प्राप्त होने पर प्रभावित परिवारों ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के संगवारी कार्यालय पहुंचकर उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि महानदी में आई बाढ़ के दौरान गोबरा नवापारा शहर के करीब डेढ़ से दो हजार घर जलमग्न हो गए थे। वहीं आसपास के गांवों में किसानों की धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा था। रात करीब 2 बजे अचानक जलस्तर बढ़ने से लोगों को घरों से जरूरी सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। घरों में रखा राशन, कपड़े, बर्तन, टीवी, फ्रिज, कूलर सहित दैनिक उपयोग की कई जरूरी वस्तुएं पानी में डूबकर खराब हो गई थीं। कई परिवारों के सामने दोबारा गृहस्थी बसाने की चुनौती खड़ी हो गई थी।
राहत राशि के लिए पूर्व विधायक ने किया था आंदोलन
प्रभावित परिवारों को 5 हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही थी, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 10 हजार राशि की घोषणा की थी।
ऐसे में पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने प्रभावितों के लिए आवाज उठाई की यहाँ के प्रभावित लोगों को भी 10 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाए। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित कराया। इतना ही नहीं, दीपावली से महज दो दिन पहले प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की थी कि प्रभावित परिवारों को त्योहार से पहले 10 हजार की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें।
आखिरकार दीपावली से दो दिन पहले प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपए के सहायता राशि के चेक मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली। इसके बाद बाढ़ पीड़ित कई परिवार पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के संगवारी कार्यालय पहुंचे और सहायता राशि दिलाने के लिए किए गए प्रयासों पर उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का भी पूर्व विधायक ने जताया आभार
इस अवसर पर पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिलना जरूरी था। लंबे इंतजार के बाद दीपावली से पहले सहायता राशि मिलने से पीड़ित परिवारों को राहत मिली है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा में बाढ़ मुआवजे को लेकर कांग्रेस का धरना, पीड़ितों को 10 हजार तत्काल सहायता देने की मांग











