नवापारा में वेतन के लिए सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, पालिका के सामने धरना; आश्वासन पर आंदोलन समाप्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर में सफाई कर्मचारियों को वेतन के लिए आंदोलन करना पड़ा। अक्टूबर माह का वेतन लंबित होने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह काम बंद कर नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और गली-मोहल्लों में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने से गंदगी का नजारा दिखाई देने लगा। कर्मचारियों के आंदोलन को नगर पालिका के विपक्षी पार्षदों ने भी समर्थन दिया और प्रशासन से तत्काल वेतन भुगतान की मांग उठाई।
दरअसल, सफाई कर्मचारियों का सितंबर और अक्टूबर माह का वेतन लंबित था। कर्मचारियों की मांग पर पालिका प्रशासन ने सितंबर माह का वेतन तो जारी कर दिया, लेकिन अक्टूबर माह का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बनी रही। इसी मुद्दे को लेकर स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के सफाई प्रकोष्ठ अध्यक्ष संतोष सोनी ने 5 नवंबर को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय में वेतन भुगतान नहीं होने पर 6 नवंबर से काम बंद आंदोलन किया जाएगा।
महासंघ ने अपने पत्र में प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि कर्मचारियों ने सितंबर और अक्टूबर दोनों माह का वेतन एक साथ देने की मांग की थी, लेकिन केवल सितंबर माह का भुगतान किया गया। अक्टूबर का वेतन अब तक लंबित है। त्योहार के समय वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने से प्रभावित हुई शहर की सफाई व्यवस्था
शुक्रवार सुबह कर्मचारियों के काम बंद कर धरने पर बैठने से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। त्योहार के मद्देनजर बाजारों, प्रमुख मार्गों और गली-मोहल्लों में साफ-सफाई की आवश्यकता अधिक थी, लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जगह-जगह कचरे का ढेर नजर आने लगा। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे।
विपक्ष ने भी उठाई कर्मचारियों के हक की आवाज
कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन को नगर पालिका के विपक्ष ने भी समर्थन दिया। नेता प्रतिपक्ष संध्या राव सहित कांग्रेस के पार्षदों ने कर्मचारियों की मांग को जायज बताया। विपक्षी पार्षदों ने कहा कि त्योहार के समय कर्मचारियों का वेतन रोकना उचित नहीं है। सफाई कर्मचारी पूरे शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाते हैं, ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक जरूरतों और त्योहार की खुशियों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने पालिका प्रशासन से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान करने की मांग की।
आज खातों में आएगी राशि
धरना-प्रदर्शन के दौरान पालिका अधिकारियों ने कर्मचारियों को जानकारी दी कि अक्टूबर माह के वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर राशि बैंक को भेज दी गई है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शुक्रवार को ही कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की राशि पहुंच जाएगी। पालिका प्रशासन से मिले इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और काम पर लौटने का निर्णय लिया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











