दीपक टंडन पर FIR की झड़ी! एक सप्ताह में 5 FIR, जमीन-रेस्टोरेंट से लेकर फॉर्च्यूनर और कोयला टेंडर तक ठगी के आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार बेचने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के दो नए मामले तेलीबांधा थाने में दर्ज हुए हैं। वहीं सक्ती जिले में भी सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस तरह एक सप्ताह के भीतर दीपक टंडन के खिलाफ कुल पांच FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। लगातार सामने आ रही शिकायतों से कारोबारी दंपती पर पुलिस का शिकंजा कसता दिखाई दे रहा है।

जमीन और रेस्टोरेंट बेचने का सौदा, 36 लाख से ज्यादा लेने का आरोप

तेलीबांधा थाने में शंकर नगर निवासी बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल ने दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। पहली शिकायत के मुताबिक, दीपक और बरखा टंडन ने आशीष जायसवाल को 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया था। इस संपत्ति का सौदा 1 करोड़ 16 लाख रुपये में तय होने की बात कही गई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदे पर भरोसा करते हुए उन्होंने ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 36,00,016.70 रुपये का भुगतान किया था। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, उसका मालिकाना हक दीपक टंडन के नाम पर नहीं है। इसके बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

20 लाख में फॉर्च्यूनर बेचने का भरोसा, न गाड़ी मिली न रकम लौटी

आशीष जायसवाल की दूसरी शिकायत लग्जरी कार के सौदे से जुड़ी है। शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त 2025 को दीपक टंडन ने उन्हें 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसकी कीमत 20 लाख रुपये तय की गई थी। भरोसा दिलाने के लिए लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई गई।

आरोप है कि कारोबारी ने 20 लाख रुपये नकद दिए और इस संबंध में स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया गया। दीपक टंडन ने कार की सर्विसिंग कराने के बाद उसे घर पहुंचाने की बात कही थी। लेकिन भुगतान के बाद न तो कार सौंपी गई और न ही रकम वापस की गई। बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि संबंधित वाहन भी दीपक टंडन के नाम पर नहीं था। इसके बाद आशीष जायसवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सक्ती में सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी

इधर, सक्ती जिले में भी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। सक्ती सिटी कोतवाली में दर्ज शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी किशन शर्मा ट्रांसपोर्टिंग और कोयला कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मार्च 2022 में दीपक टंडन ने उनसे संपर्क कर कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया था।

आरोप है कि दीपक ने उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान और पहुंच होने का हवाला देकर टेंडर दिलाने का आश्वासन दिया। इस भरोसे में आकर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। शिकायत के मुताबिक, रकम लेते समय आरोपी ने गारंटी के तौर पर एचडीएफसी बैंक का 4 लाख रुपये का चेक और एक ब्लैंक चेक भी दिया था।

बाद में जब कारोबारी ने बैंक से चेक और खाते के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद किशन शर्मा ने खुद को ठगी का शिकार बताते हुए पुलिस से शिकायत की। सक्ती सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

होटल की संपत्ति पर कब्जे का भी मामला, पहले दर्ज हो चुकी है FIR

दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ इससे पहले भी तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज हो चुका है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर VIP रोड स्थित होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, ताला तोड़ने, सरकारी सील हटाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों के आधार पर FIR दर्ज की गई थी।

अब जमीन और रेस्टोरेंट के सौदे तथा फॉर्च्यूनर कार बिक्री से जुड़े दो नए मामले दर्ज होने के बाद तेलीबांधा थाने में दंपती के खिलाफ कुल तीन FIR हो चुकी हैं। वहीं सक्ती में भी कोयला टेंडर के नाम पर कथित ठगी का मामला दर्ज किया गया है।

लगातार बढ़ रहीं शिकायतें, पुलिस जांच पर टिकी नजरें

एक के बाद एक सामने आ रहे मामलों ने होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जमीन, रेस्टोरेंट, लग्जरी कार और सरकारी टेंडर के नाम पर कथित धोखाधड़ी की शिकायतों में लाखों रुपये के लेनदेन का जिक्र है। फिलहाल पुलिस विभिन्न मामलों में शिकायतों, दस्तावेजों, बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में इन आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

AI ब्लैकमेलिंग केस में गिरफ्तारी, अब सरकारी सील तोड़कर होटल में घुसने और धमकी देने का आरोप, होटल कारोबारी दीपक टंडन और पत्नी पर FIR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल