नवापारा के काली मंदिर में 24 वर्षों से चली आ रही परंपरा: बेलपत्र से दी गई 1008 आहुतियां, महानिशीथकाल में हुई मां काली की विशेष आराधना

08 दीपों के दीपदान से जगमगाया मंदिर परिसर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) नवापारा :– दीपावली की अमावस्या की काली अंधेरी रात नवापारा नगर के मां काली मंदिर में भक्ति, साधना और वैदिक अनुष्ठानों के नाम रही। महानिशीथकाल में विशेष वैदिक विधि-विधान के साथ मां काली की आराधना की गई। इस दौरान बेलपत्र से 1008 आहुतियां अर्पित कर विशेष यज्ञ अनुष्ठान किया गया। वहीं 108 दीपकों के दीपदान से मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर नगर की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दीपावली की मध्यरात्रि आयोजित इस विशेष पूजा के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रात्रि 2 बजे महानिशीथकालीन पूजन की विशेष विधि प्रारंभ हुई। पंडित पदुम महाराज ने काली मंत्रों के उच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक अनुष्ठान संपन्न कराया। अर्धरात्रि से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन सुबह 5 बजे तक चला। करीब तीन घंटे तक चले विशेष पूजन में मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन और आहुतियों के माध्यम से मां काली की आराधना की गई। अनुष्ठान का विशेष आकर्षण बेलपत्र से दी गई 1008 आहुतियां रहीं।

इस अवसर पर मां काली को प्रतीकात्मक बलि अर्पित करने की परंपरा भी निभाई गई। हालांकि मंदिर में पशु बलि नहीं दी जाती, बल्कि सफेद कद्दू (रखिया) के माध्यम से इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है। पूजा के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

24 वर्षों से निभाई जा रही पूजन की परंपरा

मां काली मंदिर समिति के अध्यक्ष मेघनाथ साहू ने बताया कि मंदिर में दीपावली की अमावस्या पर विशेष काली पूजा का आयोजन पिछले 24 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मां काली के प्रति नगरवासियों की गहरी आस्था है और हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त इस विशेष आराधना में शामिल होते हैं।

महानिशीथकालीन पूजा का विशेष महत्व

मंदिर के पुजारी पं. पदुम महाराज ने बताया कि दीपावली की अमावस्या की मध्यरात्रि महानिशीथकाल में मां काली की पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस काल में की गई आराधना से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है तथा घर-परिवार में सुख, सौभाग्य और ऐश्वर्य की वृद्धि होती है। दीपावली पर जहां मां लक्ष्मी की पूजा कर धन-धान्य और समृद्धि की कामना की जाती है, वहीं अमावस्या की मध्यरात्रि मां काली की विशेष आराधना भी की जाती है।

उन्होंने बताया कि मंदिर में पिछले 15 महीनों से प्रत्येक अमावस्या तिथि पर यज्ञ-हवन के साथ मां काली की विशेष पूजा की जा रही है। दीपावली की अमावस्या पर इस बार भी विशेष अनुष्ठान के अंतर्गत माता के 1008 नामों के साथ बेलपत्र से 1008 आहुतियां अर्पित की गईं। अंत में यज्ञ-हवन के साथ पूजन संपन्न हुआ।

108 दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर

विशेष पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने 108 दीपक प्रज्वलित कर दीपदान किया। एक साथ प्रज्वलित दीपों की श्रृंखला ने मंदिर परिसर को आलोकित कर दिया। दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने मां काली से नगर एवं क्षेत्र में सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

इस धार्मिक आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष मेघनाथ साहू, डॉ. मोहन सोनकर, रामरतन निषाद, धीरज साहू, श्रीकांत साहू, योगी राज देवांगन, दिलीप यादव, मन्नू तारक, प्रकाश मेश्राम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

Belpatra Khane Ke Fayde : सेहत के लिए है भगवान शिव का वरदान,अनगिनत गुणों का खजाना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल