चरित्र शंका में चापड़ से काट दिया पत्नी का गला, नहाने जा रही थी महिला पर पीछे से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चरित्र शंका में अंधे हुए एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने लोहे के कत्ता नुमा हथियार (चापड़) से पत्नी के गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसका गला बुरी तरह रेत दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी निवासी सुमित्रा सोनवानी पति पंचूराम सोनवानी (60 वर्ष) के घर में ईंट जोड़ाई का काम चल रहा था, जिसमें वह अपने बेटे और बहू के साथ मजदूरी कर रही थी। काम के बाद सुमित्रा नहाने के लिए बाथरूम की ओर जाने लगी। बाथरूम में प्रवेश करने से पहले उसने अपने पति पंचूराम सोनवानी से खाना बनाने के लिए लकड़ी फाड़ने को कहा।
चापड़ से गले पर किया हमला
इसी दौरान आरोपी पति के सिर पर खून सवार हो गया। जैसे ही महिला बाथरूम के अंदर पहुंची, पीछे से पहुंचे पंचूराम ने हाथ में रखे लोहे के चापड़ से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला संभल भी नहीं पाई और गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। गले पर गहरे वार होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे ने पिता को दबोचा
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पंचूराम मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घर में मौजूद उसके बेटे ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और घर में ही रोककर रखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











