हेरोइन तस्करी का खुलासा, महिला साथी के साथ पकड़ा गया आरोपी, 9.53 लाख का माल जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कबीर नगर पुलिस को नशे के अवैध कारोबार की सूचना के आधार पर नहर रोड स्थित फोर व्हीलर वाशिंग सेंटर, रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार में संलिप्त दो आरोपियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से मादक पदार्थ सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण बजाज (31 वर्ष) निवासी टिकरापारा रायपुर और खुशी गभाने (21 वर्ष) निवासी कोटा रायपुर के रूप में हुई है।
पहले भी चिट्टा मामले में जा चुका है जेल
गिरफ्तार आरोपी तरुण बजाज का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में थाना डीडी नगर के चिट्टा संबंधी प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा मादक पदार्थ के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ फिर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 45.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 17 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा मोबाइल फोन और नगद राशि जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











