दिवाली से पहले बुझ गया घर का चिराग, सड़क हादसे में युवक की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– दीपावली पर्व से ठीक पहले छुरा क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। छुरा-रसेला मुख्य मार्ग पर ग्राम सेम्हरा के पास हुए हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लगभग 35 से 40 वर्षीय महेश ध्रुव, निवासी छत्तरमनी कोठीगांव, के रूप में सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश ध्रुव छुरा की ओर से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान ग्राम सेम्हरा के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना गंभीर बताया जा रहा है कि युवक को सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सिर में लगी गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खराब सड़क को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद एक बार फिर लोक निर्माण विभाग की सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे तथा सड़क के बीच कई स्थानों पर बनी गहराई और खाई दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। लोगों के अनुसार सड़क के किनारे बने धारदार कॉलर अथवा किनारों की स्थिति भी वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार में पसरा मातम, मातम में बदली खुशियां
दीपावली पर्व में अभी लगभग एक सप्ताह का समय बाकी है और जहां हर घर में पर्व की तैयारियां शुरू होने वाली हैं, वहीं महेश ध्रुव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि मृतक के दो बच्चे हैं। जिन बच्चों को दीपावली के अवसर पर पिता के साथ खुशियां मनानी थीं, उनके घर में अब पर्व की रौनक की जगह मातम पसरा हुआ है। एक परिवार का सहारा अचानक छिन जाने से पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना ने छुरा क्षेत्र की सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के दौरान किनारों तथा बीच की सतह पर बनी गहराई को समय रहते दुरुस्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











