खंभे से टकराई तेज रफ्तार कार, ट्रांसपोर्टर की दर्दनाक मौत, रातभर जागकर चावल कराया था लोड

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रातभर जागकर ट्रक में चावल लोड कराने के बाद सुबह अपनी कार से रवाना हुए एक ट्रांसपोर्टर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक के सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार के पटना निवासी ट्रांसपोर्टर शैलेश रंजन 27 अक्टूबर को चावल लेने अंबिकापुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूरी रात जागकर अपनी निगरानी में ट्रक में चावल लोड कराया। इसके बाद अगले दिन सुबह वे अपनी कार क्रमांक CG 10 AN 3753 से ट्रक के पीछे-पीछे रवाना हुए। लगातार जागने और काम के चलते वे काफी थके हुए थे।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे शैलेश रंजन बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा स्थित ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शैलेश रंजन को सीने में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आशंका जताई जा रही है कि रातभर जागने के कारण हुई थकान के चलते वाहन चलाते समय उन्हें झपकी आ गई होगी, जिससे कार पर नियंत्रण नहीं रह सका। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फोन पर मिली हादसे की खबर, परिजनों ने की पहचान
हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से मिली। मुंबई के अंधेरी वेस्ट निवासी उनके भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 9:28 बजे उन्होंने अपने चाचा शैलेश रंजन के मोबाइल फोन पर कॉल किया था। इस दौरान फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और बताया कि नेवसा के पास उनकी कार खंभे से टकरा गई है तथा चालक की मौत हो चुकी है।
सूचना मिलने के बाद परिजन रतनपुर पहुंचे और मर्च्युरी में रखे शव की पहचान शैलेश रंजन के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। रतनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और उसके वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ट्रक के पीछे जा घुसी कार, दो महिलाओं की मौत; 3 गंभीर, दो परिवारों की खुशियां छीनी











