प्रोफेसर ने छात्रा को भेजे अश्लील वीडियो, प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी, गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कृषि कॉलेज की एक छात्रा को टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देकर परेशान करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कॉलेज के प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामला कांकेर जिले का है।
छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर कृषि कॉलेज में अध्ययनरत छात्रा ने 27 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने आरोप लगाया कि कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम (49) ने 25 सितंबर को टेलीग्राम के माध्यम से उसे एक अश्लील वीडियो भेजा था। वीडियो देखने के बाद छात्रा ने उसे बंद कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर पहले भी छात्रा से अश्लील बातें करता था। कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर होने के कारण छात्रा शुरुआत में उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही, लेकिन आरोप है कि बाद में उसका व्यवहार लगातार परेशान करने वाला हो गया।
प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर परेशान करता था। अश्लील वीडियो भेजने और अंकों को लेकर धमकी से परेशान होकर आखिरकार छात्रा ने पुलिस से शिकायत करने पहंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया।
BNSऔर IT Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी पीयूष कांत नेताम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 75(3) और 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी मूल रूप से कोंडागांव जिले का निवासी बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
देवर-भाभी का बनाया अश्लील वीडियो, नौकरी से निकाला तो वीडियो कर दिया वायरल, तीन आरोपी गिरफ्तार











