नवापारा ब्रेकिंग: नवापारा में 13.90 लाख का कबाड़ी लदा वाहन जब्त, सरकारी अस्पताल के पास खड़ा था वाहन, जांच के बाद पुलिस ने किया जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा पुलिस ने संदिग्ध कबाड़ी और स्क्रैप से लदे एक वाहन को जब्त किया है। जब्त वाहन और उसमें लोड पुराने लोहे की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन से 6,370 किलोग्राम पुराना लोहा एवं कबाड़ी स्क्रैप बरामद किया है। सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने वाहन सहित पूरी संपत्ति को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक सोमन लाल सिन्हा और आरक्षक मनोज सिंह पेट्रोलिंग वाहन से क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नवापारा के गंज रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास टाटा वाहन क्रमांक सीजी 19 बीपी 0264 में कबाड़ी और स्क्रैप लोड है। वाहन चालक वहां किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
दस्तावेज मांगे तो नहीं दिखा सका बिल
जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम ईशाक रिजवी पिता इकबाल रिजवी (25 वर्ष) निवासी शीतलापारा, नवापारा बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पुराना लोहा और कबाड़ी स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने सामान के संबंध में चालक को वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई बिल या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह उक्त टाटा वाहन का चालक है और वाहन मालिक के कहने पर सरकारी अस्पताल के सामने स्थित कबाड़ी दुकान से पुराना लोहा एवं स्क्रैप लोड कर रायपुर ले जाने के लिए निकला था। उसने बताया कि वह गंज रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास अपने मालिक का इंतजार कर रहा था। लोड सामान के संबंध में उसके पास कोई बिल नहीं था।
13.90 लाख रुपये का मशरूका जब्त
सामान के स्रोत और उसके स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने तथा संपत्ति के चोरी की होने या किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका के चलते पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन और उसमें लोड स्क्रैप को जब्त कर लिया। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने जब्त वाहन और सामान को थाना गोबरा नवापारा लाकर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है।
संपत्ति के वास्तविक मालिक की तलाश
पुलिस के अनुसार, फिलहाल जब्त संपत्ति के वास्तविक स्वामी और सामान के स्रोत की पतासाजी की जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोमन लाल सिन्हा और आरक्षक मनोज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा में 23 लाख का संदिग्ध कबाड़ जब्त, 30 टन से ज्यादा स्क्रैप से लदा ट्रक पुलिस के कब्जे में











