नवापारा में 23 लाख का संदिग्ध कबाड़ जब्त, 30 टन से ज्यादा स्क्रैप से लदा ट्रक पुलिस के कब्जे में

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, पूछताछ में कोड़की से कबाड़ लाने की बताई बात; ट्रक मालिक के निर्देश पर नवापारा लाने का दावा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर आ रही है, जहां पुलिस ने संदिग्ध चोरी की संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहे के पुराने कबाड़/स्क्रैप से लदा ट्रक जब्त किया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा पुलिस ने ट्रक चालक ज्ञानचंद कुर्रे, निवासी ग्राम पारागांव को ट्रक में लोड लोहे के पुराने कबाड़/स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया था। हालांकि, चालक द्वारा मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक में लोड कबाड़/स्क्रैप ग्राम कोड़की स्थित पुराने लोहे के कबाड़ से लोड किया गया था।

चालक के अनुसार, ट्रक मालिक कलीम सोलंकी के निर्देश पर वह कबाड़ लेकर वापस नवापारा आ रहा था। चालक ने यह भी बताया कि उसने वाहन को एफसीआई गोदाम के पास खड़ा किया था और मालिक के आने का इंतजार कर रहा था। मौके पर ट्रक में लोड कबाड़/स्क्रैप का बिल उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई।

30,335 किलो स्क्रैप पुलिस ने किया जब्त

दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और पूछताछ में सामने आई परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को लोड कबाड़/स्क्रैप के चोरी की संपत्ति होने अथवा किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीएस 0267 और उसमें लोड 30,335 किलोग्राम कबाड़/स्क्रैप को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया।

मामले में चालक ज्ञानचंद कुर्रे के विरुद्ध धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत इस्तगासा तैयार किया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध संपत्ति और अवैध गतिविधियों के संबंध में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, अस्पताल में मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button