तेज रफ्तार ट्रेलर ने 5 साल की मासूम को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मामा के घर भाई दूज मनाने आई थी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घर के बाहर खेल रही महज 5 साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। गुस्साए ग्रामीणों ने दोपहर करीब 3 बजे से चक्काजाम कर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने सहित सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। घटना धरसीवां क्षेत्र के कपसदा गांव की है।
जानकारी के अनुसार मृत बच्ची की पहचान हेमा यादव के रूप में हुई है। वह तिल्दा-नेवरा निवासी भीम यादव की बेटी थी। भाई दूज के अवसर पर हेमा अपनी मां के साथ कपसदा गांव में अपने मामा मनहरण यादव के घर आई हुई थी। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे वह घर के सामने सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान तिवरैया की ओर से तिल्दा-नेवरा जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर की चपेट में आने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मुआवजे और भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और गांव से गुजरने वाले भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं।
ग्रामीणों के मुताबिक, तिवरैया से सिलयारी होते हुए तिल्दा-नेवरा तक जाने वाले मार्ग पर पिछले कुछ समय से भारी वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। सिलयारी में रेलवे साइडिंग होने के साथ ही रैता, किरणा और तिल्दा क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इन औद्योगिक गतिविधियों के कारण इस मार्ग से बड़ी संख्या में ट्रेलर और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है। उनका कहना है कि पहले इस मार्ग पर आसपास के गांवों के लोग आसानी से आवागमन करते थे, लेकिन औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के बाद सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों की मांग है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, सुरक्षा इंतजाम और जिम्मेदार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मौत बनकर दौड़ा ट्रक! स्कूटी सवार मां-बेटी की दर्दनाक मौत, 9 साल की मासूम ने अस्पताल में तोड़ा दम











