पटाखा से मासूम की मौत! मुंह में डालते ही फटा लहसुन बम, घर पर पसरा मातम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गईं। जिस त्योहार पर घर में रोशनी और खुशियों का माहौल था, उसी दौरान एक छोटी सी लापरवाही ने दो साल के मासूम की जिंदगी छीन ली। खेलते-खेलते मासूम ने जमीन पर पड़े लहसुन (पॉप-पॉप) पटाखे को खाने की चीज समझकर मुंह में डाल लिया। देखते ही देखते पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया। धमाके से बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोट आई और मुंह से खून बहने लगा। परिजन उसे बचाने के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चली जंग में आखिरकार मासूम हार गया।
खेल-खेल में मुंह में डाल लिया पटाखा
मिली जानकारी के अनुसार, मामला सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र का है। बनेया गांव निवासी इंद्रजीत मांझी पेशे से किसान हैं। दिवाली के अवसर पर वह घर के बच्चों के लिए लहसुन बम यानी पॉप-पॉप पटाखे लेकर आए थे। दिवाली के दौरान बच्चे पटाखों के साथ खेल रहे थे। इसी बीच दो साल का आदित्य पटाखों के एक पैकेट के साथ खेलने लगा।
बताया जा रहा है कि खेलते समय आदित्य ने एक पटाखा उठाकर मुंह में डाल लिया और उसे चबा गया। इसी दौरान पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया। अचानक हुए धमाके से बच्चे के मसूड़ों में गंभीर चोट लग गई और मुंह से खून बहने लगा। मासूम की हालत देखकर घर में चीख-पुकार मच गई।
इलाज के दौरान मौत
बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन तत्काल उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने आदित्य को अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने मासूम को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। उसे खून भी चढ़ाया गया और लगातार उपचार किया गया, लेकिन मुंह से रक्तस्राव बंद नहीं हो सका। करीब दो से तीन दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद गुरुवार सुबह इलाज के दौरान आदित्य ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार गूंज रही है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
क्रूरता की सारी हदें पार! 5 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में रखे











