जमीन विवाद में खूनी खेल! नाबालिग ने चाकू मारकर महिला की कर दी हत्या, आरोपी फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि परिवार के ही एक नाबालिग युवक ने 35 वर्षीय महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडरी का है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान तुलबाई जांगड़े (35 वर्ष), निवासी पिंडरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुलबाई पिछले कुछ वर्षों से मेडहापाली भोजपुर गांव में रह रही थी। गुरुवार को वह किसी काम से अपने पैतृक गांव पिंडरी आई हुई थी। इसी दौरान जमीन से जुड़े विवाद को लेकर परिवार के ही एक नाबालिग युवक के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
चाकू से किया हमला
बताया गया कि शुरुआत में जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान नाबालिग युवक ने चाकू निकालकर तुलबाई जांगड़े पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी नाबालिग फरार
हमले के बाद गंभीर हालत में तुलबाई को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाबालिग घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार नाबालिग की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और किन परिस्थितियों में चाकू से हमला किया गया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











