नवापारा इलाके के मंदिरों पर बदमाशों की नजर! एक मंदिर में नगद और जेवर की चोरी, दूसरे में देवी प्रतिमा खंडित; दो अलग-अलग FIR दर्ज

मौली माता मंदिर का ताला तोड़कर जेवर व पूजा सामग्री ले उड़े चोर, मां दंतेश्वरी मंदिर में प्रतिमा तोड़कर सामान बिखेरा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा क्षेत्र में मंदिरों में बदमाशों की नजर गड़ी हुई है। दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्रवासियों में रोष और चिंता बढ़ा दी है। एक ओर अज्ञात चोरों ने मौली माता मंदिर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण सहित करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया, वहीं दूसरी ओर मां दंतेश्वरी मंदिर में घुसकर अज्ञात शरारती तत्वों ने देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मौली माता मंदिर में चोरी

जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी कौशल ध्रुव पिछले 15 वर्षों से मौली माता मंदिर के पुजारी हैं। बताया गया कि पुजारी रोज की तरह 26 जून की सुबह करीब 4 बजे पूजा करने मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। मंदिर के अंदर जाने पर माता के गले में पहना सोने का एक पत्ती, नाक की दो सोने की नथनी, पूजा में उपयोग होने वाली पीतल की थाली, घंटी, तांबे का लोटा, दीपदानी, साउंड सिस्टम का मिक्सर मशीन, केबल वायर और चार माइक्रोफोन गायब थे।

वहीं मंदिर के भीतर रखी आलमारी और पेटी भी खुली मिली। अज्ञात चोर मंदिर से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के जेवर और सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुजारी ने तत्काल ग्राम सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों को दी, जिसके बाद नवापारा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मां दंतेश्वरी मंदिर में प्रतिमा खंडित

इसी थाना क्षेत्र के चम्पारण स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में भी अज्ञात तत्वों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हरकत की। मंदिर के पुजारी चंदूराम निषाद ने बताया कि वह 35 वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। 22 जून की शाम जब वे मंदिर पहुंचे तो देवी प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा खंडित मिला और मंदिर के भीतर रखा सामान बिखरा हुआ था।

पुजारी ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर देवी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है। घटना की सूचना नवापारा थाने में देते हुए शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में नवापारा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दिनदहाड़े चाकूबाजी कर लूटपाट, फिर शराब दुकान में कर रहे थे पार्टी; नवापारा पुलिस ने दबोचे 3 बदमाश, एक नाबालिग शामिल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button