बहन ने लोढ़े से पीट-पीटकर कर दी भाई की हत्या, सिर और आंख पर किए कई वार, पहले अज्ञात हमलावर पर जताया शक
खून से लथपथ कमरे में मिला शव; पूछताछ में बहन ने कबूला जुर्म

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। भाई की शराब पीने की आदत से परेशान एक बहन ने कथित तौर पर सीलबट्टे (लोढ़ा) से हमला कर उसकी जान ले ली। आरोपी बहन ने भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद शुरुआत में उसने पुलिस को अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की बात बताई, लेकिन पुलिस की पूछताछ में मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दुर्ग जिले के ऊतई थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान उतई थाना क्षेत्र के गोड़पेण्ड्री गांव निवासी धर्मेंद्र पाल (40) के रूप में हुई है। वहीं, हत्या के आरोप में उसकी बहन धन्नी धनकर (34) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सीलबट्टा भी जब्त कर लिया है।
कमरे में खून से लथपथ मिला धर्मेंद्र का शव
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को पुलिस को गांव में धर्मेंद्र की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने सबसे पहले गांव के सरपंच को फोन कर बताया कि धर्मेंद्र कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलने पर सरपंच गांव के दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर धर्मेंद्र बिस्तर पर पड़ा था। उसके चेहरे, आंख और कान के आसपास से खून निकल रहा था, जबकि जमीन पर भी खून फैला हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के सिर और बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। शुरुआती पूछताछ में उसकी बहन धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात कही थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुला हत्या का राज, बहन गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सीलबट्टा (लोढ़ा) भी बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
चार-पांच साल से मायके में रह रही थी बहन
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि धर्मेंद्र को शराब पीने की आदत थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। उसकी बहन पिछले चार-पांच साल से मायके में रह रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी।
धर्मेंद्र की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग 8 और 10 साल बताई गई है। वह पहले सीमेंट प्लांट में काम करता था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद, प्रेमिका के मंगेतर पर मिर्च पाउडर डालकर जानलेवा हमला; आरोपी गिरफ्तार











