तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत, एक गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है। 

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम ग्राम सराईसिंगार निवासी फूल सिंह अपने बेटे नरसिंह सिंह और यशवंत सिंह के साथ बाइक क्रमांक CG 12 BJ 5644 से गेवरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खोरडी मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BA 2420 ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।  

बाइक के परखच्चे उड़े

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके बेटे नरसिंह सिंह और यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही एक और मौत

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान नरसिंह सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में फूल सिंह और उनके बेटे नरसिंह सिंह की मौत हो गई। वहीं यशवंत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का मर्ग पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है। पुलिस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौके पर मौत; 3 घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button