नवापारा ब्रेकिंग : सरपंच पुत्र सहित 7 आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जौंदी में आयोजित ग्राम सभा के दौरान उपसरपंच के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय, अभनपुर में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में लेखराम साहू (37), अलखराम साहू (44), मिथिलेश कुमार साहू (43), बैतलराम साहू (32), प्रहलाद साहू (55), टोमनलाल साहू (43) और चिंतामणि साहू (45) शामिल हैं। सभी ग्राम जौंदी, चौकी चंपारण, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर के निवासी हैं।
PM आवास की सूची को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची और हितग्राहियों के नामों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान कुछ नाम सूची में शामिल नहीं होने को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते तीखी बहस और हंगामे में बदल गया।
उपसरपंच ने लगाए मारपीट के आरोप

उपसरपंच पोखन लाल यदु ने शिकायत में आरोप लगाया कि बैठक के दौरान उन पर लोगों के नाम सूची से हटाने का गलत आरोप लगाया गया। जब उन्होंने अपनी बात रखने का प्रयास किया तो सरपंच पुत्र टोमनलाल साहू समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उनका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की गई और सार्वजनिक रूप से उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए, जिससे उन्हें शारीरिक चोटें आईं। घटना के समय मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो भी बनाया था। वहीं उपसरपंच ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत और मामले की जांच के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करते हुए माननीय एसडीएम न्यायालय, अभनपुर में पेश करने के लिए रवाना कर दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











