लापता युवक का तालाब किनारे मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दो दिन से लापता युवक का शव तालाब के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोसा निवासी अमित भंडारी (24 वर्ष) का शव तालाब के किनारे एक बाड़ी में सड़ी-गली अवस्था में औंधे मुंह पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि अमित 27 जून से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव की एक बाड़ी में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मुलमुला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
परिजनों ने बताया कि अमित 27 जून को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की गई, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच उसके शव मिलने की सूचना मिली।
शरीर पर चोट के निशान
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड घटनास्थल से तालाब किनारे खेतों के रास्ते गांव के एक घर तक पहुंचा, जिसके आधार पर पुलिस उस दिशा में भी जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी संदिग्ध का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
प्रेम प्रसंग का एंगल से जांच
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि अमित का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि इस संबंध को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि घटना से एक दिन पहले अमित युवती से मिलने गया था। इसके बाद उसका शव तालाब किनारे बरामद हुआ। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
मामले का खुलासा करने के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर उनकी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और डिजिटल सबूतों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











