आईफोन खरीदने के बाद युवक ने की आत्महत्या, कॉम्प्लेक्स के शौचालय में लटका मिला शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शनिवार शाम एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक ने कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले ही युवक ने एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदा था। इसके बाद उसके पास किसी का फोन आया और बातचीत के बाद वह परेशान नजर आया था। घटना दुर्ग-भिलाई के आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की है।
किस्तों पर आईफोन खरीदने के बाद दुकान से निकला युवक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। शनिवार को वह आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था, जहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निहाल के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। बातचीत के दौरान वह कुछ परेशान दिखाई दिया और दुकान से नीचे चला गया।
बेसमेंट के सार्वजनिक शौचालय में मिला शव
दुकान से निकलने के कुछ देर बाद निहाल कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय पहुंचा। वहां उसने शौचालय की खिड़की से गमछा बांधकर फांसी लगा ली। घटना शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। शौचालय में युवक को फांसी पर लटका देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
फोन पर हुई बातचीत की भी जांच
फिलहाल निहाल सिंह द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मोबाइल दुकान संचालक के अनुसार, आईफोन खरीदने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया था। वह सोशल मीडिया से संबंधित किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था। हालांकि, इस बातचीत और युवक की मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सुपेला पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फोन पर किससे बातचीत हुई थी और इसके पीछे क्या कारण रहे, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ओवरब्रिज से गिरकर 21 वर्षीय युवती की मौत, हादसा या आत्महत्या की आशंका?, जांच में जुटी पुलिस











