रफ्तार का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में युवक की मौत, कई घायल; ट्रक-बाइक और कार-पिकअप में भीषण टक्कर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर लोगों को झकझोर दिया है। कहीं तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, तो कहीं दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। वहीं नेशनल हाईवे पर कार और पिकअप के बीच भी जोरदार टक्कर हुई। इन दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
पहली घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना के पास की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कचना निवासी भरत चक्रधारी अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
गंगरेल घूमने आए युवकों की बाइक आपस में भिड़ीं
इधर, गंगरेल बांध घूमने आए युवकों के साथ भी सड़क हादसे की घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग स्थानों पर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इन दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। घायलों को 112 और वरदान परामर्श एम्बुलेंस सेवा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कार के ऊपर चढ़ गया पिकअप, बाल-बाल बचा चालक
तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई के पास नेशनल हाईवे की है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जगदलपुर की ओर से धमतरी आ रहा पिकअप अचानक डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा कार के ऊपर चढ़ गया और अगला टायर कार की ड्राइवर सीट की तरफ जा पहुंचा।
कार में सवार धमधा निवासी शुभम शर्मा (34) सीट बेल्ट लगाए होने के कारण बाल-बाल बच गए। उन्हें हाथ और कंधे में हल्की चोट आई है। हादसे में कार और पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
तेज रफ्तार पिकअप ने 7 साल की मासूम को कुचला, सड़क पर दोबारा चढ़ाया वाहन; मौके पर दर्दनाक मौत











