दिनदहाड़े युवती का अपहरण, विरोध करने पर दांत से काटा गाल; राजिम के पास ग्रामीणों ने की घेराबंदी, आरोपी छोड़कर भागा
स्कूटी से घर लौट रही युवती का रास्ता रोककर बाइक पर बैठाया, अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दिनदहाड़े युवती को जबरन अगवा करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल से सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही युवती का बाइक सवार दो युवकों ने पीछा किया और रास्ता रोककर उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और गाल पर दांत से काटकर घायल कर दिया। आरोपियों की इस हरकत से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है।
मामले में परिजनों और ग्रामीणों की तत्परता से युवती को ले जाने की कोशिश नाकाम हो गई। ग्रामीणों ने रास्ते में घेराबंदी की तो मुख्य आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, घटना 23 नवंबर की सुबह की है। ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेन्द्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा की प्राथमिक शाला के पास दोनों ने स्कूटी के सामने अपनी प्लेटिना बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत और बदसलूकी की तथा उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर उसका मुंह दबाकर गाल पर दांत से काट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने लगे।
बोरसी पुरैना मोड़ पर ग्रामीणों ने की घेराबंदी
युवती को जबरन ले जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। इस दौरान लोगों को अपनी ओर आता देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी प्लेटिना बाइक क्रमांक CG 04 PR 3899 मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की तत्परता से युवती को आरोपियों के चंगुल से बचा लिया गया।
बीएनएस की इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों के बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम गिरौद निवासी पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष), पिता रेवन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक भी जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
युवती का अपहरण: चाकू दिखाकर मुंह में कपड़ा ठूंसा, हाथ बांधकर खाट के नीचे छिपाया, जानिए पूरा मामला











