कोसमबुड़ा में सजी लोकसंस्कृति की महफिल, 21 सुवा दलों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा
छुरा। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला, संस्कृति और लोकनृत्य को सहेजने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में ग्राम कोसमबुड़ा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सखी सहेली सवांगा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में राज्यस्तरीय सुवा नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन के प्रथम वर्ष में ही प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के दलों ने भी हिस्सा लिया। कुल 21 सुवा नृत्य समूहों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की मधुर धुन और मांदर की थाप पर थिरकते कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे कार्तिक महाराज की कथा एवं आंवला पूजा के साथ हुआ। दोपहर में भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया गया, जबकि शाम 7 बजे से मुख्य सुवा नृत्य प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। प्रतियोगिता में रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद एवं धमतरी जिले के कलाकारों के साथ ओडिशा के सुवा नृत्य दलों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य शैली और आकर्षक वेशभूषा के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य विष्णु नागेश उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कोसमबुड़ा के सरपंच किरण भोगेंद्र ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में उमेद सिंह सोरी, भुवन ध्रुव, महिला ध्रुव, अनुषाधा सोरी, शार्धिका ध्रुव, संतोषी धरम ध्रुव, लीला सोरी, तारा बाई सोरी, श्यामवती नेताम, सनमत ध्रुव, पार्वती यादव, द्रोपती यादव, तीज दीवान, सोमती निषाद, विद्या सेन, कृपा ध्रुव, खुशबूकला निषाद एवं राजिम बाई सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आरंग के गुल्लू समूह ने हासिल किया प्रथम स्थान
- प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेता दलों की घोषणा की। इसमें सुवा नृत्य समूह गुल्लू (आरंग) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार अपने नाम किया। यह पुरस्कार सखी सहेली सवांगा समिति की ओर से प्रदान किया गया। वहीं सुवा नृत्य समूह सारागांव (दुल्ला) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसे ग्राम पंचायत सरपंच एवं सूरज ठाकुर की ओर से 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। तृतीय स्थान जय मां शारदा समूह आमानारा (ओडिशा) को मिला, जिसे नीलम की ओर से 5 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता की एक विशेष पहल यह भी रही कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना छुरा खंड की ओर से केवल विजेता दलों ही नहीं, बल्कि प्रतियोगिता में शामिल सभी 21 समूहों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इससे मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने पहुंचे सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ।
महिला समूहों और ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ नागरिक रामाधार सोरी, ग्राम कोसमबुड़ा में संचालित 15 महिला स्व-सहायता समूहों की अध्यक्षों, ग्राम पंचायत के उपसरपंच लखन निषाद तथा छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना छुरा खंड के सेनानी भाइयों का विशेष सहयोग रहा। आयोजक सखी सहेली सवांगा समिति एवं ग्रामवासियों का यह प्रथम वर्ष का प्रयास स्थानीय स्तर पर पारंपरिक कला-संस्कृति को मंच देने के साथ ही अन्य जिलों और पड़ोसी राज्य के कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। आयोजकों का कहना है कि सुवा नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा, सामूहिकता, पारंपरिक गीत-संगीत और ग्रामीण जीवनशैली से जुड़ी सांस्कृतिक पहचान है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी माटी, भाषा, वेशभूषा और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। भविष्य में भी प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप देने तथा छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को राज्यस्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। समापन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को श्रीफल और प्रतीक चिह्न भेंटकर आभार व्यक्त किया गया।











