जुआ फड में पुलिस की दबिश, डर से युवक ने तालाब में लगाई छलांग, 3 दिन बाद मिली लाश, पुलिस पर मारपीट का आरोप; ग्रामीणों का चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जुआ खेलने के दौरान पुलिस ने रेड मारी। इस दौरान तालाब में युवक के छलांग लगा दी। तीन दिनों बाद युवक का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला सक्ति जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोमाडीह का है।
22 नवंबर की रात घर से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोमाडीह निवासी महेश राम केंवट गांव में दुकान चलाता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद उनके घर रखवाली करने जा रहा है। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
23 नवंबर की सुबह तक महेश के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार उसकी पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी।
तालाब में छलांग लगाने की चर्चा
महेश के लापता होने के बाद गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। इसी बीच ग्रामीणों के बीच चर्चा होने लगी कि 22 नवंबर की देर रात गांव में जुआ खेलने की सूचना पर हसौद पुलिस की टीम दबिश देने पहुंची थी। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान महेश राम केंवट के गंगासागर तालाब में छलांग लगाने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई थी। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई। हालांकि, पुलिस की दबिश और मारपीट के इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
महेश के तालाब में डूबने की आशंका के बाद 23 नवंबर से स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। तालाब में पानी अधिक होने के कारण पहले दिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 24 नवंबर को बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब तीन दिनों की तलाश के बाद बुधवार 25 नवंबर की सुबह लगभग 5 बजे महेश का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया, वहीं ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही। ग्रामीण दोषियों पर कार्रवाई होने तक अपनी मांगों पर अड़े रहे।
परिजनों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू सहित घटना में शामिल लोगों को निलंबित करने और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग शामिल है।
इधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने कहा कि महेश केंवट के परिजनों की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। परिजनों ने घटना को लेकर कुछ आशंकाएं जताई हैं। ग्रामीणों और अन्य लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
फिलहाल शव का पंचनामा कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में किए जाने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की बात कही गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl










