राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में गरियाबंद का परचम, दो मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन, 35 विद्यालयों की टीमों ने लिया था हिस्सा

पांच बाल वैज्ञानिकों ने किया जिले का प्रतिनिधित्व, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित मॉडलों से जिले में खुशी की लहर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले के दो वैज्ञानिक मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है।

प्रतियोगिता में जिले के पांच बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लेकर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया। दो मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 150 बाल वैज्ञानिकों ने अपने मॉडल और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से निर्णायक मंडल के समक्ष अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह के मार्गदर्शन में गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।

पांच विद्यार्थियों ने किया जिले का प्रतिनिधित्व

प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौंदकेरा से टोमेश्वरी साहू, सेजेस राजिम से पंकज सोनकर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुवाड़ से जैयमनी मरकाम ने अपने वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रस्तुतिकरण से प्रभावित किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोपरा की पावनी साहू एवं तृप्ति चक्रधारी ने अपनी वैज्ञानिक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागियों ने अपने मॉडल और विषयों का प्रस्तुतिकरण किया, जबकि शेष प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां दूसरे दिन आयोजित की गईं। इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक सतीश कुमार मालवीय, समीक्षा गायकवाड़, संजीत एवं माधुरी चक्रधारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

35 विद्यालयों से चयनित होकर राज्य स्तर तक पहुंची थीं टीमें

उल्लेखनीय है कि जिला स्तर पर आयोजित बाल विज्ञान कांग्रेस में लगभग 35 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था। इनमें से चयनित चार विद्यालयों के पांच विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। राज्य स्तर पर दो मॉडलों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना जिले के विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दर्शाता है।

निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए वरिष्ठ वर्ग से नौ और कनिष्ठ वर्ग से सात मॉडलों का चयन किया जाता है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष भी गरियाबंद जिले के एक विद्यार्थी ने कनिष्ठ वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई थी। इस वर्ष भी जिले के विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का सिलसिला बरकरार रखा है।

शिक्षा एवं विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक आईपी साहू, पीएमश्री गरियाबंद के प्राचार्य एवं जिला विज्ञान नोडल अधिकारी ज्ञानेंद्र शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर के निरंतर सहयोग और सहायक जिला परियोजना अधिकारी बुद्धविलास सिंह के मार्गदर्शन से जिले में विज्ञान सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। विज्ञान शिक्षकों की टीम विद्यार्थियों को नए प्रयोगों, वैज्ञानिक सोच और नवाचार आधारित मॉडल तैयार करने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है।

गौरतलब है कि इस वर्ष इंस्पायर अवार्ड में भी गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाने में सफलता हासिल की है। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से जिले में विज्ञान शिक्षा और नवाचार की दिशा में हो रहे प्रयासों को नई पहचान मिल रही है। बाल वैज्ञानिकों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जिला स्तरीय युवा उत्सव में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के रंग, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, इन्होंने बनाया स्थान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल