शादी की बात पर प्रेमिका से विवाद, युवक ने की आत्महत्या, युवती गिरफ्तार; पुलिस ने भेजा जेल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम संबंध, शादी की बात और फिर ऐसा विवाद कि एक युवक ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। खुद को आग के हवाले करने वाले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। जांच में युवक को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र का है।
शादी की बात पर बिगड़ी स्थिति
पुलिस के मुताबिक मृतक विकास गुप्ता (22 वर्ष) और आकांक्षा सिदार (21 वर्ष) दोनों निवासी भटगांव जिला सूरजपुर के बीच प्रेम संबंध थे। 27 जनवरी 2026 को दोनों बिलासपुर के कोनी स्थित एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद विकास ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
10 महीने बाद प्रेमिका पर दर्ज हुआ अपराध
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर युवक को लगातार प्रताड़ित किए जाने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद कोनी थाने में धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को आकांक्षा सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











