जंगल में रिसॉर्ट के पास मिली युवक की अधजली लाश, पास में जली हुई बाइक भी बरामद
हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए शव और बाइक जलाने की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जंगल में एक प्राइवेट रिसॉर्ट के पास युवक की अधजली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ही युवक की बाइक भी जली हुई हालत में बरामद हुई है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव और बाइक को आग के हवाले किया गया होगा। हालांकि, हत्या और आग लगाने की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। मामला बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, शिवतराई जंगल के सुनसान इलाके में स्थानीय लोगों ने एक जली हुई बाइक देखी। जब वे पास पहुंचे तो कुछ दूरी पर युवक का अधजला शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर लोगों में दहशत फैल गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर शाम घटनास्थल पर पहुंची और प्रारंभिक फोटोग्राफी की कार्रवाई की।
अंधेरे के कारण रात में नहीं हो सकी विस्तृत जांच
घटनास्थल जंगल के सुनसान इलाके में होने और शाम ढलने के बाद अंधेरा छा जाने के कारण पुलिस रात में बारीकी से जांच और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई पूरी नहीं कर सकी। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी अंधेरे के चलते विस्तृत जांच नहीं कर पाई। अब पुलिस की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी। इसके लिए स्निफर डॉग की मदद लेने की भी तैयारी है, ताकि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें।
मृतक की पहचान बनी पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती
इस पूरे मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। युवक का शव बुरी तरह जला हुआ मिलने के कारण उसकी पहचान को लेकर परेशानी आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर शव और बाइक दोनों को जलाया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से भी मामले में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
आसपास के लोगों से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU की टीम को तत्काल सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक कोटा के शिवतराई और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल करती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। हालांकि, फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
जंगल के सुनसान इलाके में युवक की अधजली लाश और जली हुई बाइक मिलने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने मृतक की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने की चुनौती है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ वास्तव में क्या हुआ। विस्तृत जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











