शादी के सपने दिखाकर युवती का शोषण, 93 हजार रुपए भी ऐंठे, पैसे वापस मांगने पर मुकरा; आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी का सपना दिखाकर नजदीकियां बढ़ाई, युवती का शारीरिक शोषण किया और फिर आर्थिक जरूरत बताकर हजारों रुपए भी ले लिए… जब युवती ने शादी की बात की और अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी मुकर गया। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
पेट्रोल पंप पर मुलाकात, फिर बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय पीड़िता तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर काम करती है। अक्टूबर माह में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान (22) निवासी जूटमिल से हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिया, जिसके बाद बातचीत शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की बात कही। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसने युवती को अपने विश्वास में ले लिया।
शारीरिक शोषण और 93 हजार रुपये लिए
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात आरोपी उसके किराए के मकान पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
इसी दौरान आरोपी ने अपनी आर्थिक परेशानी बताकर युवती से करीब 93 हजार रुपये ले लिए। 28 अक्टूबर को जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे और शादी की बात की, तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शादी से भी मुकरते हुए धमकी दी कि जो करना है कर लो, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
जेल से बाहर आते ही पुलिस ने दबोचा
पीड़िता ने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पहले से जूटमिल थाना क्षेत्र के मारपीट के एक मामले में जेल में बंद था। 17 नवंबर की शाम जमानत पर बाहर आते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











