बाजार से लौट रहे ग्रामीणों के ऑटो को कार ने मारी टक्कर, 2 महिलाओं की मौत, 8 साल की बच्ची समेत 6 घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे ग्रामीणों का ऑटो रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार अज्ञात कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ साल की बच्ची समेत छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र की है।
बाजार से लौटते वक्त रास्ते में मौत बनकर आई कार
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार ग्रामीण बहीगांव के साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। गुरुवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच मस्सुकोकोड़ा और आवाराभाटा के पास नेशनल हाईवे-30 पर एक अज्ञात कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में रूपी बाई और प्रमिला मरकाम की मौत हो गई।
वहीं रामलाल मरकाम, उनकी 8 वर्षीय बेटी पम्मी मरकाम, जयलू नेताम, अमाय बाई, राजमा नेताम और चरको बाई घायल हुए। ऑटो चालक को भी चोट आई है। गंभीर रूप से घायल अमाय बाई, राजमा बाई और चरको बाई समेत अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल बच्ची पम्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फरार कार चालक की तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाली अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, किसान की मौके पर मौत; पिता-पुत्र गंभीर











