तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, किसान की मौके पर मौत; पिता-पुत्र गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार हाईवा और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक चला रहे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में पीछे बैठे पिता और उनका 8 वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
बेटे के इलाज के लिए बिलासपुर आए थे
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी सोमनाथ श्रीवास (40 वर्ष) पेशे से किसान थे। गांव के ही उनके पड़ोसी राकेश यादव के 8 वर्षीय बेटे शौर्य की तबीयत खराब थी। सोमवार को राकेश यादव के कहने पर सोमनाथ अपनी बाइक से उन्हें और उनके बेटे को इलाज कराने बिलासपुर लेकर आए थे। अस्पताल में उपचार कराने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने गांव रिस्दा लौट रहे थे। इसी दौरान मस्तूरी थाना क्षेत्र के किरारी स्थित पुराने पेट्रोल पंप के सामने यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ट्रक के पहियों के नीचे आया बाइक चालक
बताया जा रहा है कि ट्रक क्रमांक सीजी 16 ए 1981 मस्तूरी से बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सोमनाथ श्रीवास सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे राकेश यादव और उनका 8 वर्षीय बेटा शौर्य उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक जब्त, चालक को हिरासत में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर जमा भीड़ को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। घटना की खबर फैलते ही ग्राम रिस्दा में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नेशनल हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा ट्रेलर, खड़ी यात्री बस को पीछे से मारी टक्कर; दो की मौत, चार गंभीर











