डीजे डांस प्रतियोगिता के बाद दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में 22 वर्षीय युवक की मौत; तीन गंभीर
संदेह के आधार पर चार युवक हिरासत में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– डीजे डांस प्रतियोगिता के बाद दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान हुई चाकूबाजी में 22 वर्षीय युवक डेनिल दीवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घायलों का महासमुंद के निजी हॉस्पिटल में उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोमा निवासी डेनिल दीवान अपने सगे-संबंधियों के साथ ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
प्रतियोगिता स्थल से 500 मीटर दूर हुई चाकूबाजी
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद डीजे प्रतियोगिता स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर चाकूबाजी की वारदात हुई। रात करीब 10:30 बजे हुए इस हमले में डेनिल दीवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान पर भी हमला किया गया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए महासमुंद लाया गया। यहां इलाज के दौरान डेनिल दीवान की मौत हो गई। वहीं मनु, सोमनाथ और मनीष का अस्पताल में उपचार जारी है।
चार युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और संदेह के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक आंवराडबरी और कन्हारपुरी गांव के बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान आखिर किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, चाकू से हमला किसने किया और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











