नवापारा ब्रेकिंग: मोहल्ले में फैली बदबू ने खोला मौत का राज, दरवाजा तोड़कर घर में पहुंची पुलिस तो मिला महिला का शव
किराए के मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद, 4-5 दिन पुराना होने की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा नगर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के मकान से महिला का शव मिला। तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां एक महिला का शव मिला। शव की स्थिति देखकर उसके करीब 4 से 5 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार महिला ने घर के भीतर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ईश्वरी सोनवानी (36 वर्ष), पति पुरुषोत्तम सोनवानी, निवासी ग्राम कौंदकेरा, राजिम क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अपने परिवार से अलग नवापारा के गोंडपारा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि महिला नवापारा की किसी कपड़े की दुकान में काम करने जाती थी।
तेज दुर्गंध से परेशान हुए मोहल्लेवासी, पहले आसपास की जगह तलाशते रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से मोहल्ले में तेज दुर्गंध फैल रही थी। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि बदबू कहां से आ रही है। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने आसपास की नालियों और खाली जगहों में बदबू का कारण तलाशना शुरू किया। लेकिन रविवार को एक मकान के आसपास दुर्गंध काफी तेज हो गई। जब लोगों को संदेह हुआ कि बदबू बंद मकान के भीतर से आ रही है, तब पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, मिला महिला का शव

सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर महिला का शव मिला, जिसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला ने साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद गोंडपारा क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। तीन बच्चों की मां की इस तरह मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के पारिवारिक एवं अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: बाइक और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर, एक की मौत, तीन घायल











