AI से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार
आबकारी विभाग के अधिकारियों को हुआ संदेह, जांच में खुली पोल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब ठगी और फर्जीवाड़े के लिए भी होने लगा है। दो युवकों ने AI की मदद से कलेक्टर के नाम का फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर लिया और आबकारी मामले में जब्त अपनी मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंच गए। हालांकि, अधिकारियों को आदेश पर संदेह हुआ और सत्यापन में पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गयाहै। मामला दुर्ग जिले के भिलाई भट्ठी थाना का है।
जानकारी ने अनुसार, मामला 14 नवंबर का है। आबकारी नियंत्रण कक्ष सेक्टर-1 भिलाई में भोजराम रत्नाकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा कार्यालय पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी मामले में जब्त होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 07 B 15687) को छुड़ाने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी कथित आदेश प्रस्तुत किया।
जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल
आदेश देखने के बाद आबकारी अधिकारियों को दस्तावेज की प्रामाणिकता पर संदेह हुआ। इसके बाद जब आदेश का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि कलेक्टर के नाम से जारी बताया जा रहा सरकारी आदेश पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद विभाग ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिल को वापस पाने के लिए उन्होंने AI की मदद से कलेक्टर के नाम का फर्जी आदेश तैयार किया था। उनका उद्देश्य इस दस्तावेज को असली सरकारी आदेश की तरह प्रस्तुत कर आबकारी अधिकारियों को गुमराह करना और बाइक की सुपुर्दगी हासिल करना था।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और फर्जी आदेश जब्त

पुलिस ने जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40) को गिरफ्तार किया है। दोनों ग्राम मोहरेंगा नंदिनी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आदेश की प्रति और उसे तैयार करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











