बचपन की दोस्ती का खूनी अंत! मजाक और बहन पर शक बना हत्या की वजह, बांध में फेंका दोस्त का शव

सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाता था दोस्त, बहन पर गलत नजर रखने का भी था शक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बचपन की दोस्ती, साथ में मजदूरी और एक-दूसरे के घर आना-जाना… लेकिन आपसी मजाक और शक ने इस रिश्ते को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसका दोस्त उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इसके अलावा वह उसके रंग-रूप को लेकर लगातार मजाक उड़ाता और उसे सूअर, काला-कुरूप कहकर चिढ़ाता था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने लोहे के फावड़े से दोस्त के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित बांध के पानी में फेंक दिया। मामला बलौदाबाजार जिले का है।

मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी किशन साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान आदित्य टंडन (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामला गिधौरी थाना क्षेत्र का है।

बांध के पानी में मिला था युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित बांध के पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19) के रूप में हुई।

शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से पुलिस को शुरुआत से ही हत्या की आशंका थी। इसके बाद घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर बारीकी से जांच कराई गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगालने शुरू किए।

आखिरी बार आरोपी के साथ जाता दिखा था आदित्य

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की दोपहर आदित्य को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा एक हथियार भी दिखाई दिया था।

इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने किशन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने आदित्य की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।

बहन पर गलत नजर रखने का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि किशन साहू और आदित्य टंडन दोनों बचपन के दोस्त थे। दोनों साथ में मजदूरी करते थे और एक-दूसरे के घर भी आते-जाते थे। लेकिन दोस्ती के बावजूद उनके बीच लंबे समय से आपसी कहासुनी और विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, किशन को शक था कि आदित्य उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। वहीं आदित्य कथित तौर पर किशन के रंग-रूप को लेकर उसका मजाक उड़ाता था। वह उसे सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाता था तथा नीचा दिखाता था। इन बातों को लेकर किशन के मन में नाराजगी और रंजिश बढ़ती जा रही थी।

इसी गुस्से में आरोपी ने आदित्य को अपने साथ ले जाकर लोहे के फावड़े से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण आदित्य की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बांध के पानी में फेंक दिया, ताकि घटना का पता न चल सके।

CCTV और साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच में सहयोग किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। इसके बाद आरोपी किशन साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गिधौरी थाने में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। अब उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

मृत मानकर 20 दिन पहले किया अंतिम संस्कार, जिंदा लौटा युवक; अब नया सवाल- आखिर मृतक कौन था?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल