ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, एक युवक की मौत, दो घायल; ट्रेलर चालक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका निजी अस्पताल में उपचार जारी है। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है।
बाइक समेत सड़क पर जा गिरे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी प्रतीक कैवर्त (24), सीनू कैवर्त (30) और शुभम कैवर्त (14) बाइक क्रमांक सीजी 10 सीए 2501 से मस्तूरी की ओर से बिलासपुर आ रहे थे। बाइक प्रतीक चला रहा था। इस दौरान शनिवार शाम करीब 4 बजे जब तीनों ढेंका बाईपास मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएस 2107 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तीनों युवक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े रहे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन प्रतीक कैवर्त की हालत बेहद गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सीनू और शुभम का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया। घटना के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











