यात्री बस ने बाइक सवार को कुचला, तीन लोगों की दर्दनाक मौत, बस चालक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे और एक बाइक पर सवार होकर रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बस चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र का है।
रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे तीनों
जानकारी के मुताबिक, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तीनों वहां भजन गायन की प्रस्तुति देने वाले थे। इसी दौरान डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से ग्राम दर्री सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। परिवारों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दशगात्र से लौट रहे पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, स्कूल बस ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर











