त्योहार के बीच दर्दनाक सड़क हादसा: 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 की मौत, गाँव में पसरा मातम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार भाई-बहनों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। घटना में स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग की भी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू खेती का काम करता था। उसकी दोनों बहनें भारती और टिकेश्वरी शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने अपने मायके आई हुई थीं। मंगलवार 1 सितंबर को तीनों भाई-बहन त्योहार की खरीदारी करने बाइक से छुरिया गए थे। शाम को शॉपिंग करने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।
तभी शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार तीनों भाई-बहन उछलकर दूर जा गिरे। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई।
3 सगे भाई-बहनों की मौत

हादसे में संदीप साहू और उसकी बहन भारती साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल टिकेश्वरी को तत्काल छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आईं। इनमें भोलापुर निवासी 65 वर्षीय कमल बंजारे की तबीयत बिगड़ गई और बीपी लो होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मान रही है।
गाँव में पसरा मातम
त्योहारों के उत्सव के बीच एक साथ तीन सगे भाई-बहनों की मौत की खबर से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसर गया है। त्योहार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद गांव के कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और परिवार को ढांढस बंधाया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: नवापारा–कुरूद मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला











