महिला के कंकाल ने खोला हत्या का राज: 4 साल पहले पति ने मारकर दफनाया, ऐसा हुआ खुलासा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) आरंग:- रायपुर जिले के आरंग इलाके में हुए एक हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। मामला 4 साल पुराना है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति सहित तीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर ऐसी प्लानिंग रची कि इतने दिनों तक पुलिस को झांसा देने में कामयाब रहा। मगर महिला के कंकाल ने इस कांड से पर्दा उठा दिया।
रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस केस में हत्यारा और मास्टर माइंड महिला का पति देवचंद कुर्रे, उसका भाई देवदास कुर्रे और साथी तेजराम चतुर्वेदी गिरफ्तार किए गए हैं।
पत्नी के गुम होने की कहानी से शुरू हुई वारदात
साल 2018 में आरंग थाने में जाकर महिला के पति देवचंद कुर्रे ने पुलिस से कहा- मेरी पत्नी अनिता बाई कुर्रे बिना घर में किसी को बताए, कहीं चली गई है। वो लौटी नहीं है साहब उसे ढूंढ दीजिए। पुलिस उसकी बातों में आ गई। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। कुछ दिनों तक महिला को ढूंढने का प्रयास होता रहा, कोई सुराग नहीं मिला तो अनिता के केस की फाइल धूल से लदी दूसरी फाइल के बंडलों में चली गई। महीनों तक अनिता का कुछ भी पता नहीं चला। 2019 के अप्रैल के महीने में आरंग के ग्राम केशला की एक खदान में नर कंकाल पाया गया। पुलिस टीम ने नर कंकाल की शिनाख्त के लिए पुराने गुमशुदगी के केसेस से लिंक जोड़ना शुरू किया। अनिता के घर वालों को बुलाकर पूछताछ की गई। कंकाल के पास मिली टूटी हुई चूड़ी, पायल देखकर घर वालों ने दावा किया कि ये अनिता का ही कंकाल होगा। फॉरेंसिक टीम ने भी कंकाल महिला का होना बताया।
DNA टेस्ट भी हुआ
कंकाल मिलने के बाद कंकाल की पहचान की पुष्टि के लिए अनिता कुर्रे की मां सुमित्रा बंजारे का DNA सैम्पल लिया गया। जांच में पुष्टि हो गई कि ये सुमित्रा की बेटी अनिता का ही कंकाल है। इसके बाद केस में नया मोड़ आया। पुलिस ने अनिता के परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि महिला का उसके पति से विवाद हुआ करता था। महिला के पति को शक था कि उसका किसी और के साथ प्रेम संबंध है।
इसके बाद पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। देवचंद ने बताया कि उसने अपने दोस्त तेजराम को फोनकर गाड़ी मंगवाई। इसके बाद देवचंद ने अपने भाई के साथ मिलकर कुल्हाड़ी मारकर पत्नी की हत्या की बोरी में उसका शव डाला दोस्त की गाड़ी में ले जाकर ग्राम केशला स्थित खदान में दफना दिये। बाद में जब खदान की खुदाई में कंकाल मिला तो मामला फूटा।