नवापारा-राजिम के झूलेलाल बस्ती में विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन, संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर पंच परिवर्तन का दिया संदेश
स्वयंसेवकों ने गीत गाते हुए किया पथ संचलन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर के झूलेलाल बस्ती में विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम उत्साह और अनुशासन के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने एकजुटता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला कार्यवाह चंद्रशेखर नागेश ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा, उसके उद्देश्यों और समाज जीवन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में पंच परिवर्तन के महत्व को समझाते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

उन्होंने एक आदर्श स्वयंसेवक के गुणों पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वयंसेवक में अनुशासन, समर्पण, सेवाभाव, विनम्रता, समयपालन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना होनी चाहिए। एक अच्छा कार्यकर्ता अपने आचरण, व्यवहार और सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करता है।
आपसी सद्भाव का संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंधी समाज के प्रतिनिधि एवं नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी संतदास फोटानी उपस्थित रहे। नगर के वरिष्ठ पत्रकार रमेश पहाड़िया की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासित ढंग से नगर भ्रमण किया। इस दौरान स्वयंसेवक देशभक्ति एवं सामाजिक एकता के गीत गाते हुए आगे बढ़े। कार्यक्रम में जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
राष्ट्रभाव के संस्कारों की झलक

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सबसे कम उम्र के स्वयंसेवक आर्ष जैन द्वारा संचलन में सहभागिता और संचालन करना रहा। उनकी सक्रिय भागीदारी ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा नई पीढ़ी में सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभाव के संस्कारों की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने नगर में अनुशासन, संगठन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











