रायपुर में बम बनाने की तैयारी? घर में मिला विस्फोटक सामान; पुलिस-बम स्क्वॉड और एटीएस की टीम मौके पर मौजूद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। वार्ड क्रमांक-13 रावाभाठा इलाके स्थित मकान से तार, बैटरी, केमिकल, डेटोनेटरनुमा सामान और एयरगन बरामद होने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। मौके पर पुलिस, बम स्क्वॉड, एटीएस और फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि रावाभाठा फुलवारी चौक क्षेत्र के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक संदिग्ध बैग से वायर, बैटरी, दो बोतल केमिकल, पाउडरनुमा पदार्थ, एयरगन और डेटोनेटर जैसे सामान बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में यह सामग्री देसी विस्फोटक तैयार करने से जुड़ी बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने जब्त सामान को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां हर वस्तु की बारीकी से जांच कर रही हैं।
मितानिन के घर छोड़ा गया था बैग
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मकान मितानिन पुष्पा साहू का है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बीरगांव निवासी विनय देवांगन नामक परिचित बुधवार शाम एक बैग घर में रखकर चला गया था। उसने कुछ समय बाद बैग वापस ले जाने की बात कही थी। अगले दिन जब बैग को हटाने की कोशिश की गई तो वह काफी भारी लगा। शक होने पर बैग खोला गया, जिसमें कांच की शीशियां, तार, पाउडर और हथियारनुमा सामान देखकर घरवाले घबरा गए।
कांग्रेस नेता से रिश्तेदारी की चर्चा
इसके बाद वार्ड पार्षद अश्विनी यादव को सूचना दी गई। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध सामान विनय देवांगन का बताया जा रहा है, जो बीरगांव निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि महापौर ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि पिछले 20 वर्षों से उनका विनय देवांगन से कोई संबंध नहीं है और पारिवारिक विवाद के चलते संपर्क खत्म हो चुका है।
बड़ी साजिश के एंगल पर जांच
पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर राजधानी में इतनी मात्रा में संदिग्ध सामग्री किस उद्देश्य से लाई गई थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कहीं किसी बड़ी वारदात या धमाके की साजिश तो नहीं रची जा रही थी। डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। साइबर टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। राजधानी में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











