झाड़ियों में मिला महिला का अर्धनग्न शव, दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के साथ-साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद वस्तुस्थिति स्पष्ट होगी। मामला दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र का है
झाड़ियों में मिला शव, सिर पर मिले गहरे घाव
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों ने रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पुलगांव नाला से शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते की झाड़ियों में महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के सिर पर पत्थर जैसी किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान हैं। शरीर के निचले हिस्से में कपड़े नहीं थे, जिससे दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है।
घटनास्थल को तत्काल सील कर पुलगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमों ने साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की पहचान उरला निवासी भगवंतीन बाई साहू (55) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके पति हिरऊ राम साहू का दो माह पहले निधन हो चुका था। वह अपनी बेटी रोशनी देशमुख और दामाद के साथ रहती थीं।
परिजनों के अनुसार, भगवंतीन बाई 16 जुलाई को घर से काम पर जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद उनकी बेटी ने सिटी कोतवाली थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दौरान पुलगांव क्षेत्र में मिले शव की तस्वीर दिखाए जाने पर परिजनों ने उनकी पहचान की।
तहसील कार्यालय के पास दिखी थीं आखिरी बार
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला को 16 जुलाई की शाम दुर्ग तहसील कार्यालय के आसपास आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह पुलगांव क्षेत्र तक कैसे पहुंचीं और उनके साथ कौन था, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या और संभावित यौन अपराध दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका; पति लापता, पुलिस जांच में जुटी











