चलती राह में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पति से मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड़ क्षेत्र की रहने वाली महिला ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 3 मई को वह अपने पति के साथ जिला सक्ती से मोटरसाइकिल पर रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल वाहन ढकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे।
रास्ते में की छेड़छाड़
इसी दौरान ग्राम कुसमुरा तालाब के पास महिला शौच के लिए गई, जहां कार क्रमांक सीजी 13 एएम 1892 से पहुंचे दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर धमकी दी। महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की मोबाइल से फोटो खींच ली और अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज, गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 75(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कुसमुरा निवासी चैतन्य राणा (34) और उत्तरा कुमार श्रीवास (40) के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी चैतन्य राणा ने अपने साथी के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार जब्त किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











