डंगनिया में सूने मकान में चोरीः ताला तोड़कर लाखों के जेवर पार, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और चोरी में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। मामला रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र का है।

सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। अगले दिन 23 अक्टूबर की सुबह जब वे वापस लौटे तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का दरवाजा और लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV  फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

पुलिस चोरी के पुराने मामलों में शामिल रहे और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना स्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था।

पूछताछ में दो साथियों के नाम आए सामने

सूचना के आधार पर पुलिस ने यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

1.50 लाख का सामान और बाइक जब्त

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 नग घड़ियां और घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाने के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: जगन्नाथपुरी दर्शन करने गया था पंचायत सचिव का परिवार, मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल